वेंकैया नायडू के ट्विटर अकाउंट पर ब्लू टिक वापस, हटने की वजह क्या थी?



 भारत के उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के निजी ट्विटर हैंडल पर ‘ब्लू टिक’ एक बार फिर दिखाई दे रहा है.

शनिवार सुबह नायडू के निजी अकाउंट से ब्लू टिक हट गया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर ये मामला ट्रेंड करने लगा था.

माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर प्लेफ़ॉर्म पर ‘ब्लू टिक’एक सत्यापित ट्विटर अकाउंट का प्रतीक होता है.

ब्लू टिक हटने के बाद यह माना गया कि भारत सरकार और ट्विटर के बीच पिछले कुछ दिनों से आईटी क़ानूनों को लेकर जारी विवाद के दौरान ट्विटर ने कोई कार्रवाई की है.



लेकिन ट्विटर के एक प्रवक्ता ने बताया कि “एम वेंकैया नायडू का निजी ट्विटर हैंडल जुलाई 2020 से निष्क्रिय था जिसकी वजह से ब्लू टिक अपने आप हट गया था. ट्विटर की यह नीति है कि अगर कोई अकाउंट काफ़ी समय तक सक्रिय ना रहे, तो कंपनी उस हैंडल से ब्लू टिक हटा देती है.”

कंपनी ने बताया है कि उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के निजी हैंडल पर ब्लू टिक लौट आया है.

अमेरिकी कंपनी ट्विटर के अनुसार, किसी यूज़र के अकाउंट को ब्लू टिक यह जताने के लिए दिया जाता है कि ये अकाउंट सत्यापित है ताकि लोगों के बीच उसे लेकर विश्वास पैदा हो सके.

ऐसा देखा गया है कि ट्विटर अकाउंट पर ब्लू टिक हासिल करने के लिए यूज़र्स में होड़ रहती हैं और लोगों को इसके लिए लंबा इंतज़ार करना पड़ता है.

Comments